गौंदपुर जयचंद के उद्योग में 2 और श्रमिक निकले पॉजीटिव

Monday, Jul 13, 2020 - 05:40 PM (IST)

ऊना, (विशाल) : हरोली उपमंडल के गांव गौंदपुर जयचंद स्थित एक उद्योग में लगातार दूसरे दिन 2 नए मरीज पॉजीटिव पाए गए हैं। 21 और 23 वर्षीय दोनों मरीज कंपनी के क्वार्टस में रह रहे हैं और दोनों की पंजाब के लुधियाना से आई रिपोर्ट में दोनों पॉजीटिव पाए गए हैं। दोनों मरीजों के पॉजीटिव आने के बाद दोनों को स्वास्थ्य विभाग के खंड हरोली की टीम ने खड्ड स्थित कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है। वहीं उद्योग को सील करने को लेकर भी प्रशासनिक कदमताल शुरू हो चुकी है। इसी उद्योग का एक कामगार रविवार को भी पॉजीटिव आया था। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों पॉजीटिव मरीज बिहार के चम्पारण से संबंधित हैं। दोनों मरीज अपने 23 साथियों के संग कंपनी की बस में सवार होकर बिहार से ऊना जिला के हरोली विस क्षेत्र के गांव गौंदपुर जयचंद में पहुंचे थे। इससे पहले श्रमिकों के पंजाब के लुधियाना में कोविड-19 के टैस्ट हुए थे। जहां से आई रिपोर्ट में यह दोनों मरीज पॉजीटिव पाए गए हैं। इन दोनों मरीजों के पॉजीटिव आने के बाद स्वास्थ्य खंड हरोली की टीम ने बीएमओ डॉ. संजय मनकोटिया के निर्देशों पर कदमताल शुरू कर दी है। इस उद्योग में रविवार को एक मरीज के पॉजीटिव आने के चलते उद्योग के क्वार्टर एरिया को पहले ही सील किया जा चुका था लेकिन अब कुल 3 मरीज होने के बाद प्रशासन ने उक्त उद्योग को सील करने के लिए कदमताल शुरू कर दी है। 

गौरतलब है कि इस उद्योग में रविवार को भी 19 वर्षीय श्रमिक पॉजीटिव आया था जोकि बिहार से अपने 38 साथियों संग 2 जुलाई को कंपनी की बस में पंजाब के लुधियाना होता हुआ गौंदपुर जयचंद पहुंचा था। कंपनी प्रबंधन के मुताबिक उक्त मरीज क्वार्टरों में ही क्वारंटाइन था जिसके बाद यहां प्रशासन ने सीलींग कर दी थी। सीएमओ डॉ. रमण कुमार शर्मा ने बताया कि 2 और मरीज पॉजीटिव आए हैं जिनको खड्ड अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है।
 

Edited By

prashant sharma