Breaking News : हमीरपुर के नादौन में 2 और कोरोना पॉजीटिव

Sunday, May 17, 2020 - 08:11 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): नादौन उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत ग्वाल पत्थर में 2 व्यक्तियों के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से एक ग्वाल पत्थर पंचायत के करड़ी गांव तथा दूसरा इसी पंचायत के तियोंगली गांव से संबंधित है। डीसी हरिकेश मीणा ने इस बात की पुष्टि की है। डीसी के अनुसार गत 16 मई को इन दोनों व्यक्तियों के नमूने जांच हेतु लिए गए थे और शुक्रवार सायं इनकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है।

मुंबई से 12 और 13 मई को लौटे थे दाेनाें व्यक्ति

इनमें से करड़ी गांव का 35 वर्षीय व्यक्ति गत 12 मई को मुम्बई से 5 अन्य लोगों के साथ लौटा था, जिनमें इसकी पत्नी व रिश्ते में भाई तथा 3 अन्य व्यक्ति शामिल हैं। मुंबई से लौटने के बाद यह व्यक्ति घर में ही संगरोध था। तियोंगली गांव का 59 वर्षीय व्यक्ति 13 मई को मुंबई से टैक्सी में वापस आया था और गुग्गा मंदिर संगरोध केंद्र में रखा गया था। यह टैक्सी मानपुल (नादौन) के ही एक व्यक्ति की है। टैक्सी में उसके साथ बतराण व नारा गांव के 2 अन्य व्यक्ति भी आए हैं। इनके अन्य प्राइमरी और सैकेंडरी कॉन्टैक्ट के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपमंडलाधिकारी (ना.) नादौन को संबंधित क्षेत्रों को सील (बंद) करने के निर्देश दे दिए गए हैं।      

कांगड़ा के बाद हमीरपुर में सबसे ज्यादा मामले

बता दें कि कांगड़ा जिला के बाद हमीरपुर जिला में कोरोना के सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं। अभी जिला में कुल 10 मामले हैं, जिनमें से 2 ठीक हो गए हैं जबकि एक की मौत हो गई है। वहीं 7 एक्टिव केस हैं। वहीं प्रदेश की बात करें तो इन 2 मामलों के बाद कोरोना के मरीजों का कुल आंकड़ा 80 पहुंच गया है और एक्टिव केस 33 हो गए हैं।

Vijay