सोलन के 2 और बच्चे दिमागी बुखार से पहुंचे IGMC, मचा हड़कंप

Tuesday, May 29, 2018 - 11:05 AM (IST)

शिमला: सोलन के धर्मपुर-दियोंटी क्षेत्र से फिर दिमागी बुखार से 2 बच्चे आई.जी.एम.सी. पहुंचे हैं। तेज बुखार आने से उनको सोलन से रैफर किया गया है। ऐसे में अब लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। चिकित्सक के अनुसार एक बच्चे को आई.सी.यू. में भर्ती किया गया है। दोनों बच्चों का उपचार जारी है। इन बच्चों की उम्र 5 से 6 साल के बीच बताई जा रही है। वह भी हैरान हैं कि एक ही क्षेत्र से दिमागी बुखार के मामले कैसे आ रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने एक सर्वेलैंस की टीम गठित की है जोकि घर्मपुर जाकर यह जांचेगी कि क्या और बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं या नहीं। टीम यह भी जांचेगी कि यह बीमारी कैसे फैल रही है।


चिकित्सक द्वारा बच्चों के सैंपल भी लिए गए जोकि जांच के लिए पुणे भेजे जा रहे हैं। उनका कहना है रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण का पता चल पाएगा कि आखिर में बच्चों को दिमागी बुखार कैसे हो रहा है। बीमारी की चपेट में आ रहे बच्चों को देखकर लोग भी चिंता में पड़ गए हैं। लोगों को अपने बच्चे का भी डर सता रहा है कि वे भी दिमागी बुखार की चपेट में न आएं। हालांकि चिकित्सक द्वारा लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। आई.जी.एम.सी. में दिमागी बुखार की चपेट में आए बच्चों की संख्या 8 पहुंच चुकी है। बीते रविवार को भी 6 बच्चे आई.जी.एम.सी. पहुंचे थे। दिमागी बुखार लिवर व गुर्दे के लिए खतरनाक है। दिमागी बुखार की हालत में सिर में पानी भर जाता है। दिमाग की झिल्ली में सूजन आ जाती है। 
 


 

Ekta