2 महीने में साढ़े 12 करोड़ से आगे बढ़ी HRTC की आमदनी

Monday, Mar 19, 2018 - 09:22 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के लाखों लोगों की यात्रा का एकमात्र सुलभ साधन हिमाचल पथ परिवहन निगम की आमदनी पिछले वर्ष के मुकाबले साढ़े 12 करोड़ से अधिक रही है। निगम कर्मचारियों के अथक प्रयासों के बाद इनकी इनकम में यह बढ़ौतरी दर्ज की गई है। प्रदेश भर के एच.आर.टी.सी. डिपो में निगम की आमदनी में यह बढ़ौतरी दर्ज की गई है। पिछले वर्ष जनवरी व फरवरी माह में जहां निगम बसों की आमदनी 123 करोड़ 68 लाख 42,244 थी, वहीं इस वर्ष यह आमदानी बढ़कर 136 करोड़ 26 लाख 26,488 पहुंच गई है। वर्तमान समय में 1 जनवरी से लेकर 13 मार्च तक एच.आर.टी.सी. की आमदनी में 12 करोड़ 57 लाख 84,244 का अंतर है। 


पिछले साल निगम प्रबंधन ने प्रदेश स्तर पर बसों में छापेमारी का व्यापक स्तर पर अभियान चलाया था। इस दौरान प्रदेश के दर्जनों परिचालकों पर बसों में टिकट का गढ़बढ़झाला करने पर एफ.आई.आर. दर्ज की गई थी। इसके अलावा दर्जनों प्रशिक्षु परिचालकों को भी बसों की आमदनी को गमन करने पर उन्हें बस से उतार दिया गया। निगम के प्रदेश भर में अलग से 10 फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए हैं। ये स्क्वायड कहीं भी बसों में छापेमारी कर सकते हैं। बाहरी राज्यों सहित ये स्क्वायड बसों में छापेमारी अभियान चला रहे हैं।


बसों में फ्लाइंग स्क्वायड के अतिरिक्त करीब 430 सब इंस्पैक्टर भी बसों में लगातार चैकिंग करते रहते हैं। प्रदेश भर में प्रतिदिन 2,000 से अधिक बसों का बेड़ा प्रदेश भर की जनता को अपने गंतव्य तक पहुंचाता है, ऐसे में बसों में ड्यूटी पर तैनात परिचालक किसी प्रकार का गड़बड़झाला न करें, इसके लिए निगम प्रबंधन द्वारा उन्हें सख्त हिदायत जारी की गई है। सब इंस्पैक्टरों को भी प्रतिदिन बसों में की जाने वाली चैकिंग की रिपोर्ट निगम प्रबंधन को देनी पड़ती है, ऐसे में निगम में होने वाले भ्रष्टाचार पर रोक लगी है और यह घाटे से बाहर निकलने की ओर एक बेहतर कदम है।

Punjab Kesari