जयराम कैबिनेट के 2 मंत्री पहुंचे मनाली, रोहतांग टनल का किया दौरा

Wednesday, Dec 19, 2018 - 09:09 PM (IST)

मनाली: मनाली दौरे पर आए जयराम कैबिनेट के 2 मंत्रियों ने बुधवार को रोहतांग टनल का दौरा किया है। जानकारी के अनुसार आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के साथ रोहतांग टनल का दौरा किया। दोनों मंत्रियों ने बी.आर.ओ. अधिकारियों संग मिलकर सुरंग के साऊथ और नॉर्थ पोर्टल का दौरा किया। मंत्रियों ने बी.आर.ओ. अधिकारियों संग बातचीत की और चल रहे कार्य की समीक्षा की। बी.आर.ओ. अधिकारियों ने स्ट्रॉबेग एफकॉन और स्मेक कंपनी द्वारा चल रहे कार्य बारे मंत्रियों को अवगत करवाया। अधिकारियों ने बताया कि इन दिनों टनल का फिनिशिंग कार्य चल रहा है जो सर्दियों में चलता रहेगा। बी.आर.ओ. अधिकारी रोहतांग सुरंग को 2019 के अंत में तैयार करने की पहले भी बात कर चुके हैं लेकिन केंद्र सरकार का प्रयास इस सुरंग का शुभारंभ लोकसभा चुनाव से पहले करने का है। दोनों मंत्रियों ने ब्यास नदी के तटीयकरण बारे भी विभाग के अधिकारियों संग विस्तृत चर्चा की।

विभागों के अधिकारियों संग मनाली के विकास को लेकर की चर्चा

वन एवं परिवहन मंत्री सोमवार को मनाली दौरे पर आए थे जबकि आई.पी.एच. मंत्री मंगलवार को ही मनाली पहुंचे। मंगलवार शाम को भी दोनों मंत्रियों ने विभागों के अधिकारियों संग मनाली के विकास को लेकर चर्चा की। परिवहन मंत्री ने बताया कि बुधवार को उन्होंने आई.पी.एच. मंत्री के साथ मिलकर रोहतांग सुरंग का दौरा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बी.आर.ओ. के अधिकारियों से मिलकर सुरंग के कार्य का जायजा लिया और विस्तृत चर्चा की।

ब्यास नदी के तटीकरण को लेकर सरकार गंभीर

उन्होंने कहा की बी.आर.ओ. के अधिकारियों ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग सुरंग को 2019 तक तैयार करने की बात कही, वहीं प्रदेश सरकार ब्यास नदी के तटीकरण को लेकर भी गंभीर है। करोड़ों की इस योजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में ब्यास किनारे रहने वाले लोगों को भारी नुक्सान पहुंच रहा है, लेकिन ब्यास का तटीकरण हो जाने से ब्यास किनारे रहने वाले लोग सुरक्षित हो जाएंगे।

Vijay