कुल्लू के रामशिला में भू-स्खलन से गिरने की कगार पर पहुंचे 2 मकान

Saturday, Apr 24, 2021 - 07:02 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): जिला कुल्लू में बीते दिनों हुई बारिश के कारण जहां जगह-जगह भू-स्खलन हुआ है, वहीं रामशिला के साथ लगते चौकी डोभी में भी 2 मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। मकान के डंगों में दरारें आने के चलते मकान मालिकों ने अब उन्हें खाली करना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय के साथ लगते रामशिला के चौकी डोभी में बीते कुछ दिनों से मकान मालिकों को यह समस्या आ रही है।

बता दें कि फोरलेन की कटिंग होने के चलते यहां पहाड़ी में भी दरारें आई थीं और कुछ मकानों को नुक्सान भी हुआ था। वहीं नुक्सान के डर से मकान मालिकों ने पहले ही जिला प्रशासन को इस बारे अवगत करवाया था। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मिलकर निरीक्षण भी किया गया था और उन्हें मुआवजा देने की बात भी कही गई थी लेकिन आज तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। बीते दिन हुई भारी बारिश के चलते 2 मकानों के डंगे ढह गए और घर के पिल्लरों में भी दरारें आ गईं, जिसके चलते यहां रहना खतरे से खाली नहीं है।

प्रभावित मकान मालकिन मंजू देवी ने कहा कि 2 वर्षों से उन्हें यह समस्या पेश आ रही है। अब बारिश के चलते कभी भी मकान गिर सकता है, ऐसे में एहतियातन उन्होंने अपने मकान को खाली करना शुरू कर दिया है। वहीं वार्ड सदस्य मीरा देवी ने कहा कि इस बारे जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है और आग्रह किया गया है कि प्रभावित परिवारों की जल्द से जल्द मदद की जाए। फोरलेन निर्माण कार्य के चलते पहले भी यहां मकानों में दरारें आई थीं और कुछ मकानों को एनएचएआई द्वारा मुआवजा भी दिया गया था।

Content Writer

Vijay