नादौन में 2 स्लेटपोश मकान जमींदोज, बच्चों ने भागकर बचाई जान

Tuesday, Sep 04, 2018 - 07:05 PM (IST)

नादौन: उपमंडल के अंतर्गत आते 2 गांवों में 2 स्लेटपोश मकार जमींदोज हो गए हैं। पहले मामले में कमलाह गांव में बारिश के कारण एक स्लेटपोश मकान ढह गया। पंचायत प्रधान दिलबाग सिंह ने बताया कि कमलाह गांव की पुष्पा देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह का मकान बारिश के कारण ढह गया। हादसे के समय पति-पत्नी बाहर गए थे जबकि 2 बच्चे मकान के बरामदे में बैठे हुए थे। जैसे ही मकान गिरने लगा तो दोनों बच्चे भागकर बाहर निकल आए और देखते ही देखते मकान ढह गया। मकान के अंदर रखा सारा सामान मलबे में दब गया। इस दौरान प्रधान के साथ उपप्रधान बाल सिंह, ग्राम सुधार सभा कमलाह के प्रधान खुशहाल ठाकुर, कप्तान सिंह, करतार सिंह, जवाहर लाल व सोनू ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया तथा परिवार के लिए एक खाली मकान का प्रबंध करवाया। गांव के लोगों ने परिवार की मदद करते हुए राशन और कपड़ों का प्रबंध किया। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को फौरी तौर पर आर्थिक सहायता देने व दोबारा मकान बनाने में सहायता करने की गुहार लगाई है। एस.डी.एम. दिले राम धीमान ने बताया कि हलका पटवारी को रिपोर्ट देने को कहा गया है। नियमों के मुताबिक प्रभावित परिवार की मदद की जाएगी।

सरेड़ी गांव में स्लेटपोश मकान धराशायी
दूसरे मामले में गलोड़ तहसील के अंतर्गत सरेड़ी गांव में सोमवार शाम के समय एक रिहायशी कच्चा स्लेटपोश मकान धराशायी हो गया, जिससे मकान के अंदर रखा सामान भी मलबे में दब गया। इस मकान के साथ हमेशा व्यस्त रहने वाला रास्ता है मगर गनीमत रही कि जिस समय इस मकान का आधा हिस्सा गिरा, उस समय रास्ते पर कोई राहगीर नहीं था अन्यथा कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। यह मकान विजय कुमार पुत्र परस राम का है। विजय कुमार को लगभग 2 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। पंचायत प्रधान कुसुमलता व उपप्रधान राज कुमार ने सरकार से तुरंत विजय कुमार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की प्रशासन से अपील की है। इस मामले पर नायब तहसीलदार गलोड़ विपिन कुमार सोनी ने बताया कि मौके पर पटवारी को जाने के आदेश दे दिए हैं। नुक्सान का आकलन करने के उपरांत परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Vijay