रिवालसर व गोहर में धू-धू कर जले 2 मकान, लाखों का नुक्सान

Friday, Dec 22, 2017 - 09:44 PM (IST)

रिवालसर/गोहर: मंडी जिला के अंतर्गत आते रिवालसर और गोहर उपमंडल में हुई आग की घटनाओं में 2 घर जलकर राख हो गए। पहले मामले में नगर पंचायत रिवालसर के वार्ड नंबर-1 के निवासी धर्म चंद शर्मा के मकान में शुक्रवार प्रात: अचानक आग लग गई जिससे लगभग 4 से 5 लाख का नुक्सान हो गया। आग को पड़ोस के लोगों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया जा सका। पीड़ित परिवार ने बताया कि मकान में एक बेसहारा महिला को आश्रय दिया गया था जोकि काफी समय से इस मकान में रह रही थी। शुक्रवार प्रात: लगभग 6 बजे अचानक 3 कमरों के इस मकान को आग लग गई। मकान में रह रही महिला का टी.वी., गहने, कपड़े व मोबाइल फोन व अलमारी आग की भेंट चढ़ गई है।

गोहर में दोमंजिला मकान राख
दूसरे मामले में गोहर उपमंडल की लोट पंचायत के जरयाड़ गांव में दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस मकान में 5 कमरे थे। जानकारी के अनुसार यह मकान हेमराज व हल्या देवी का था। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले रसोई घर से शुरू हुई और पलभर में ही पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने अग्रिशमन विभाग व अन्य को इस घटना के बारे में सूचित किया। अग्रिशमन की गाड़ी के पहुंचने तक सब कुछ तबाह हो चुका था। इस घटना में लगभग 8 लाख तक के नुक्सान का अनुमान है। उधर, एस.डी.एम. राघव शर्मा ने कहा कि पटवारी व तहसीलदार को मौके पर पहुंच कर नुक्सान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं और पीड़ित परिवार को 5 हजार की फ ौरी राहत दे दी गई है।