चिट्टा मामले में कुल्लू पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दिल्ली से नाइजीरियन मूल के 2 सप्लायर गिरफ्तार

Saturday, Apr 02, 2022 - 07:17 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप/संजीव): नशे के खिलाफ चलाए अभियान में कुल्लू पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई करने वाले नाइजीरियन मूल के 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस अब पूछताछ में जुट गई है। जानकारी के अनुसार बीते 24 मार्च को विशेष अन्वेषण शाखा के कर्मचारियों द्वारा रामशिला में गुप्त सूचना के आधार पर 2 आरोपियों से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके रिमांड हासिल किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ अमल में लाई गई तथा एक आरोपी को दिल्ली ले जाकर उसकी निशानदेही पर 2 नाइजीरियन मूल के व्यक्तियों को दिल्ली से गिरफ्तार करके कुल्लू लाया गया। आरोपियों के नाम टोचुकवू (31) व सौनेड (29) हैं। उपरोक्त दोनों नाइजीरियन मूल के व्यक्तियों से दिल्ली में 23 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया गया है। कोर्ट ने आरोपियों 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay