पारिवारिक विवाद के चलते 2 गुटों मे मारपीट, 7 लोग घायल

Saturday, Jun 23, 2018 - 09:47 PM (IST)

परवाणु: पुलिस थाना धर्मपुर के तहत 2 गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों गुट आपस में संबंधी हैं। किसी विवाद के कारण दोनों में झगड़ा हुआ है। इस लड़ाई में दोनों गुटों के करीब 7 लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रमेश देवी उर्फ जरीना निवासी गांव हाटकोटी ने मामला दर्ज करवाया है कि उसके 3 बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा फारूख रहमान सी.आर.पी.एफ. में नौकरी करता है। उसकी शादी 10-11 साल पहले शाहिदा बानो हुई थी। उसके बेटे व बहू का आपस में पारिवारिक विवाद है। उसका बेटा फारूख कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर आया है। शुक्रवार को वह और उसका बेटा फारूख, छोटी बहू मुमताज व उसकी बहन संजीदा बेटे के घर गांव जाडली में बाहर गेट पर खड़े थे। इस दौरान उसकी बहू शाहिदा बानो आई और उनसे झगड़ा करने लगी। इसके बाद एक कार में हसनदीन, अकरम, अली, नजमा, मकबूल व निशा आए और उन्होंने भी उनके साथ मारपीट की।


जब भी घर आता है, झगड़ा करता है पति
दूसरी ओर शाहिदा बानो ने मामला दर्ज करवाया है कि उसका पति उसके साथ जब भी घर आता है, झगड़ा करता है और छोटी-छोटी बातों पर शक करता है। महिला ने बताया कि उसके पिता ने उसके नाम 6 बिस्वा जमीन जाडली में कर रखी है, जिस पर उसके पिता ने ही मकान बनवा कर उन्हें रहने को दिया है। यहां पर पति-पत्नी परिवार सहित रह रहे थे लेकिन 5-6 महीने से उसका पति उस पर दबाव डाल रहा था कि मकान उसके नाम करवाओ। शुक्रवार शाम को जब वह घूमने के लिए सड़क पर जा रही थी तो उसके पति, सास, देवरानी मुमताज व मौसी संजीदा उसका रास्ता रोक कर गाली-गलौच करने लगे और इस दौरान उन्होंने लड़ाई की, जिससे उसे व उसके परिजनों को काफी चोटें आई हैं।


क्रॉस एफ.आई.आर. दर्ज
पुलिस थाना धर्मपुर के एस.एच.ओ. नवीन झाल्टा ने बताया कि दोनों पक्षों में किसी विवाद के चलते लड़ाई हुई है। इसमें करीब 7 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने क्रॉस एफ.आई.आर. दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay