नयनादेवी के सरनी गांव मृत मिले तेंदुए के 2 शावक

Thursday, Jun 17, 2021 - 11:14 PM (IST)

नयनादेवी (मुकेश): नयनादेवी क्षेत्र के अंतर्गत सरनी गांव के पास वीरवार शाम तेंदुए के दो शावक मृत अवस्था में मिले। वनरक्षक की सूचना के आधार पर वन तथा पशुपालन विभाग की टीम के साथ ही नयनादेवी चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंची। तेंदुए के शावकों की मौत का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। उनके शव कब्जे में ले लिए गए हैं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद ही उनकी मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की घट्टेवाल बीट के वनरक्षक इब्राहिम मोहम्मद को लैहड़ी बीट के वनरक्षक सुरेश ने सरनी गांव के पास तेंदुए के दो शावक मृत पड़े होने की सूचना दी। इस पर इब्राहिम ने नयनादेवी चौकी में इसकी लिखित सूचना दी। चौकी इंचार्ज एएसआई राजेश की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही वन और पशुपालन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।

दोनों शावकों की उम्र एक से डेढ़ माह के बीच होने का अनुमान है। उनकी मृत्यु किस वजह से हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। चौकी इंचार्ज राजेश ने कहा कि शुक्रवार को पशु चिकित्सक इन शावकों का पोस्टमार्टम करेंगे। इसके बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Content Writer

Vijay