शिमला में आमने-समाने भिड़ गईं 2 बसें, चालकों सहित 6 घायल

Thursday, Jun 14, 2018 - 11:45 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राजधानी के होटल होली-डे होम के नजदीक वीरवार देर शाम को 2 निजी बसों में टक्कर हुई, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए आई.जी.एम.सी. में भर्ती करवा दिया है। इनमें चालकों को भी चोटें आई हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घायलों का चिकित्सक द्वारा उपचार किया जा रहा है। हुआ यूं कि एक निजी बस ओल्ड बस स्टैंड की तरफ आ रही थी जबकि दूसरी बस ओल्ड बस स्टैंड से संजौली की तरफ जा रही थी लेकिन दोनों बसें होली-डे होम के नजदीक आपस में टकरा गईं।


चालक साइड के उड़ गए परखच्चे
बताया जा रहा है एक बस की तेज रफ्तार होने के कारण चालक साइड के परखच्चे उड़ गए, जिससे चालक बुरी तरह फंस गए। यहां पर गनीमत यह रही कि दोनों चालकों ने ब्रेक संभाल ली थी अन्यथा एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं सूचना मिलते ही सदर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को एंबुलैंस के माध्यम से आई.जी.एम.सी. पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें किस चालक की गलती है। फिलहाल पुलिस मामले की कार्रवाई कर रही है।


हादसे के दौरान लगा जाम
जिस समय यह हादसा हुआ उस दौरान कई वाहनों के पहिए थमते हुए नजर आए। लोग अपनी-अपनी गाडिय़ों व बसों से उतरे और बचाव कार्य में जुटे। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो जाम को बहाल कर दिया गया। ए.एस.पी. शिमला प्रवीर ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है।

 

Vijay