यह क्या! विकास खंड स्वारघाट में एक कुर्सी पर 2 बी.डी.ओ. तैनात

Wednesday, Jan 30, 2019 - 04:18 PM (IST)

स्वारघाट (पवन): विकास खंड स्वारघाट में 1 कुर्सी पर 2 बी.डी.ओ. की तैनाती होने से उहापोह वाली स्थिति पैदा हो गई है। पिछले 20 दिनों से ब्लॉक स्वारघाट में यह माजरा चल रहा है। 29 मई, 2018 से भाग सिंह ठाकुर ने बी.डी.ओ. के रूप में विकास खंड स्वारघाट में अपना कार्यभार संभाला था। इसके बाद 9 नवम्बर से 7 जनवरी तक बी.डी.ओ. भाग सिंह मैडीकल लीव पर चले गए और 8 जनवरी को पुन: उन्होंने स्वारघाट में अपना कार्यभार संभाल लिया जिसकी रिपोर्ट उन्होंने डी.सी. बिलासपुर को भी भेज दी। वहीं दूसरी तरफ अजय कुमारी के भी बी.डी.ओ. स्वारघाट के रूप में आदेश जारी हो गए। इस पर अजय कुमारी ने भी 10 जनवरी को बी.डी.ओ. स्वारघाट के रूप में अपनी ज्वाइनिंग दे दी। तब से लेकर आज तक ब्लॉक स्वारघाट में 1 कुर्सी पर 2 बी.डी.ओ. तैनात हैं।

बी.डी.ओ. भाग सिंह देख रहे कार्यभार

वैसे तो अभी तक साइनिंग अथॉरिटी से लेकर कार्यालय का अधिकतर कार्यभार बी.डी.ओ. भाग सिंह द्वारा ही देखा जा रहा है लेकिन कार्यालय में 1 पद पर दोनों अधिकारियों द्वारा दर्ज करवाई जा रही उपस्थिति से हर कोई हैरत में है। फिलहाल बी.डी.ओ. भाग सिंह ने इस मुद्दे पर प्रदेश प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में याचिका दायर कर स्टे आर्डर ले लिया है।

पहले भी सेवाएं दे चुकी हैं अजय कुमारी

बता दें कि अजय कुमारी इससे पूर्व भी विकास खंड स्वारघाट में 16 अप्रैल, 2013 से लेकर 19 अप्रैल, 2014 तक करीब 1 वर्ष बी.डी.ओ. के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके बाद किन्हीं कारणों से उनका तबादला सिरमौर जिला के संगड़ाह में कर दिया गया था लेकिन उसके बाद विकास खंड पच्छाद में डिमोट होकर अधीक्षक पद के बाद अब पुन: उन्हें विकास खंड स्वारघाट में बी.डी.ओ. के पद पर तैनाती दी गई है।

विभाग से नहीं मिला संतोषजनक जवाब

उधर, इस बारे में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग शिमला के अतिरिक्त निदेशक सचिन कमल से जानकारी लेनी चाही तो वह भी इस मुद्दे पर संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहे।

Vijay