हिमाचल पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चरस की इतनी बड़ी खेप सहित 2 गिरफ्तार

Sunday, May 27, 2018 - 05:44 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): मणिकर्ण में पुलिस ने एक नेपाली को 3.485 किलोग्राम तथा मनाली में एक व्यक्ति को 48 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पहले मामले में मणिकर्ण में पुलिस ने गश्त के दौरान एक नेपाली को पूछताछ के लिए रोका। पूछताछ के दौरान जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो आरोपी के कब्जे से 3.485 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मणिकर्ण पुलिस चौकी लेकर आई। आरोपी की पहचान राम कुमार निवासी नेपाल के रूप में हुई है।


रुका में गश्त के दौरान पकड़ी 48 ग्राम चरस
दूसरे मामले में मनाली के रुका में पुलिस की एक टीम हैड कांस्टेबल शेषराज के नेतृत्व में गश्त पर थी। इस दौरान एक व्यक्ति की तलाशी ली गई तो उसके पास 48 ग्राम चरस पाई गई। आरोपी की पहचान हुकम सिंह निवासी घाट छतर बंजार के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एस.पी. कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि चरस तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Vijay