पुलिस ने 2 मामलों में पकड़ी 1 किलो 20 ग्राम चरस, 2 गिरफ्तार

Sunday, Nov 26, 2023 - 09:53 PM (IST)

बिलासपुर (संतोष): नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा छेड़े गए अभियान में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। बिलासपुर पुलिस ने शहर में दो अलग-अलग मामलों में दो स्थानों से कुल मिलाकर 1 किलो 20 ग्राम चरस पकड़ी है। इस मामले में बिलासपुर पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ पुलिस ने एक आरोपी से 29050 रुपए की राशि भी पकड़ी है। दोनों ही मामलों में पुलिस को चरस के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। पहले मामले में सदर थाना पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिलासपुर शहर के रौड़ा सैक्टर में स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां से 944 ग्राम चरस बरामद की गई, साथ ही 29050 रुपए नकद भी मिले। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान हैदर अली निवासी रौड़ा सैक्टर के रूप में हुई है। 

दूसरे मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिलासपुर शहर के साथ सटे कोसरियां में दबिश दी तो तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के कब्जे से 58.59 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान गुलजार निवासी कोसरियां सैक्टर के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि चरस के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना सदर में एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay