नाके पर नशे की खेप सहित 2 गिरफ्तार, महिला पर मामला दर्ज

Saturday, Jun 10, 2017 - 12:17 AM (IST)

डमटाल: डमटाल व ठाकुरद्वारा पुलिस चौकी के अंतर्गत आते 2 स्थानों से पुलिस ने नशे की खेप बरमद की है। इस दौरान 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक महिला के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पहले मामले में डमटाल पुलिस चौकी के अंतर्गत मोहटली रैंप के नजदीक देर रात्रि डमटाल पुलिस ने 2 व्यक्तियों को 2 किलो 50 ग्राम भुक्की सहित गिरफ्तार किया। डी.एस.पी. नारकोटिक्स सैल व डी.एस.पी. नूरपुर मेघनाथ चौहान ने संयुक्त रूप में बताया कि डमटाल पुलिस चौकी के प्रभारी ए.एस.आई. रूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोहटली रैंप के नजदीक नाका लगाया था। इस दौरान आरोपी जसविंद्र सिंह निवासी कटोवाल तहसील दसुआ से 1 किलो 50 ग्राम तथा अरुण कुमार निवासी कालोनी तहसील दसुआ से 1 किलो भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घर से नशीला पाऊडर व नकदी बरामद
दूसरे मामले में पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के अंतर्गत ठाकुरद्वारा के पास टांडा मोड़ पर नशे का कारोबार करने वाली एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार एक महिला सरोज पत्नी बनारसी दास निवासी टांडा मोड़ ठाकुरद्वारा अपने घर में नशा बेचने का कारोबार कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने 2 स्थानीय लोगों को गवाह के तौर पर साथ लेकर उसके घर में दबिश दी। इस दौरान महिला घर पर नहीं थी। पुलिस ने महिला के बेटे हीरा लाल की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। इस दौरान रसोईघर से 3 पॉलीथीन लिफाफों में भरा सफेद रंग का 180 ग्राम नशीला पाऊडर और 58000 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।