पांगी-चम्बा के बीच हुईं 2 हवाई उड़ानें, 52 लोगों ने लिया लाभ

Monday, Jan 08, 2018 - 02:17 PM (IST)

चंबा (विनोद): चंबा की जनजातीय घाटी पांगी और जिला मुख्यालय के बीच रविवार को 2 हवाई उड़ानें आयोजित हुईं। इन हवाई उड़ानों का 52 लोगों ने लाभ लिया तो इतने ही लोगों ने किलाड़ से चंबा आने के रूप में लिया। रविवार की सुबह पहली हवाई उड़ान पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ से चंबा के लिए हुई जिसमें 16 के करीब लोग पांगी से जिला मुख्यालय पहुंचे। इन लोगों में 2 रोगी भी शामिल रहे। इन रोगियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांगी से मैडीकल कॉलेज चंबा रैफर किया गया था। इन रोगियों में अजीत कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी किलाड़ व मोहन लाल निवासी करयूणी का नाम शामिल रहा। 


बताया जाता है कि अजीत कुमार सिविल अस्पताल किलाड़ में पिछले 10 दिनों से तो मोहन लाल पिछले 3 दिनों से किलाड़ में उपचार के लिए भर्ती थे। शनिवार शाम को पांगी व जिला प्रशासन को यह जानकारी मिली थी कि रविवार को पांगी-चंबा के बीच दो हवाई उड़ानें आयोजित होंगी। जिला प्रशासन व पांगी प्रशासन ने हवाई उड़ान के लिए आवेदन करने वाले पांगीवासियों को शनिवार शाम को ही इस बारे जानकारी दे दी। परिणामस्वरूप सुबह निर्धारित समय से पूर्व पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ के हैलीपैड़ पहुंच गए तो सही स्थिति जिला मुख्यालय के हैलीपैड में रही। पहली हवाई उड़ान होने के बाद लंबे समय तक दूसरी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने के चलते ऐसा लगने लगा कि अब चंबा-अजोग के बीच हवाई उड़ान शायद न हो लेकिन दोपहर को अजोग व चम्बा के बीच हवाई उड़ान होने से करीब 14 लोग चम्बा आए तो चंबा से 7 लोग अजोग के लिए जिला मुख्यालय से गए।