यमुनाघाट बैरियर पर गोलीकांड के 2 आरोपी ट्रांजिट रिमांड पर, खुलेंगे कई राज

Saturday, Jul 08, 2017 - 02:09 AM (IST)

पांवटा साहिब: पांवटा साहिब के यमुनाघाट बैरियर पर पुलिस कांस्टेबल पर गोलियां दागने वालों में से तीन आरोपी अब पांवटा साहिब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। शुक्रवार को पुलिस पर गोलियां चलाने वाले गैंगस्टर को ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस पांवटा ले आई है। उनको अदालत ने 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ  पांवटा थाने में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। इसमें पांवटा पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। चंडीगढ़ पुलिस पर फायरिंग के बाद दारोगा की पिस्टल छीनने के आरोप में चंडीगढ़पुलिस ने दोनों को बीते माह दबोच लिया था। संभावना जताई जा रही है कि इस दौरान कई राज खुल सकते हैं। 

कई मामलों में वांछित हैं गैंगस्टर
गैंगस्टर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल व चंडीगढ़ में कई मामलों में वांछित हैं। इनके खिलाफ  हत्या, लूट व डकैती सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। पांवटा पुलिस ने सातों गैंगस्टर के खिलाफ  हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया था। इनमें से 3 आरोपियों ने बीते माह सिरसा के समीप खुद को गोली से उड़ा लिया था जबकि 2 गैंगस्टर चंडीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। 

25 जून को गिरफ्तार हुआ गैंगस्टर रिप्पी
25 जून को पांवटा पुलिस ने गैंगस्टर रिप्पी को मोबाइल लोकेशन के आधार पर फरीदकोट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया था जो अभी न्यायिक अभिरक्षा में नाहन जेल में बंद है जबकि 2 गैंगस्टर नवजोत सिंह व गुरमुख सिंह को आज चंडीगढ़ से पांवटा लाया गया। डी.एस.पी. पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट से 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।