हैरोइन के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर भेजे

Sunday, Jul 22, 2018 - 10:07 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): कुल्लू और भुंतर में हैरोइन के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में पुलिस ने आरोपियों को रिमांड में लेने के लिए अरजी दाखिल की। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी शेष रहने का हवाला देते हुए न्यायालय से आरोपियों को रिमांड पर भेजने का आग्रह किया। न्यायालय ने पुलिस की अरजी को स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों को रिमांड में लेने की अनुमति दे दी। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


एक आरोपी को 4 तो दूसरे को 3 दिन का रिमांड
पुलिस के अनुसार कुल्लू में 19 ग्राम हैरोइन के साथ पकड़े गए 22 वर्षीय विकास निवासी कुठरेहड़ हरदासपुरा चम्बा को न्यायालय से 4 दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं जबकि भुंतर क्षेत्र में पकड़े गए जयंत को 3 दिन के पुलिस रिमांड में रखने की न्यायालय ने इजाजत दे दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने हैरोइन की खेप किससे खरीदी थी। किन-किन युवाओं को वे हैरोइन बेचते थे।


नाइजीरियन के गिरोह से कनैक्शन की हो रही जांच
पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि वे कब से इस गोरखधंधे से जुड़े हुए हैं। दिल्ली से गिरफ्तार किए गए नाइजीरियन के गिरोह से ही इनके तार जुड़े हुए हैं या किसी अन्य गिरोह से ये लोग नशा खरीदकर बेचते हैं। इस बिंदु पर भी छानबीन की जा रही है। कुल्लू के ए.एस.पी. निश्चिंत नेगी ने दोनों आरोपियों को रिमांड में लिए जाने की पुष्टि की है।

Vijay