HPTU: बीटैक और बी फार्मेसी की तीसरे चरण की काऊंसलिंग में 1921 सीटें आबंटित, 25 जुलाई तक करना होगा रिपोर्ट
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 06:30 PM (IST)
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बीटैक और बी फार्मेसी (डायरैक्ट एंट्री) के लिए तीसरे चरण की ऑनलाइन काऊंसलिंग का सीट आबंटन परिणाम जारी कर दिया है। इस चरण में कुल 1921 सीटें आबंटित की गई हैं। सीटों का आबंटन एचपीसीईटी की मैरिट और अभ्यर्थियों द्वारा चुने गए शिक्षण संस्थानों के विकल्पों के आधार पर किया गया है।
तकनीकी विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता (शैक्षणिक) डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय तथा इससे संबद्ध सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में बीटैक (डायरैक्ट एंट्री) और बी फार्मेसी (डायरैक्ट एंट्री) की कुल 1921 सीटें आबंटित की गई हैं। इनमें बी.फार्मेसी की 673 और बीटैक की 1248 सीटें शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को सीट आबंटित हुई है, उन्हें 25 जुलाई तक उस संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा, जहां उन्हें प्रवेश के लिए सीट मिली है। यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को शाम 5 बजे तक संबंधित संस्थान में रिपोर्ट नहीं करता है, तो उसकी आबंटित सीट रिक्त मान ली जाएगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

