16 वर्षीय नाबालिग लड़की बनी मां, डिलीवरी के बाद बच्चे की मौत

Sunday, Jun 24, 2018 - 03:48 PM (IST)

नाहन: गिरिपार क्षेत्र से एक और नाबालिग लड़की के मां बनने का मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की ने नाहन अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। लेकिन बाद में नवजात की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गिरिपार क्षेत्र की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़़की मां बन गई। बीती 17 जून को ही पीड़िता की अचानक तबीयत बिगडऩे के बाद उसे नाहन अस्पताल लाया गया, जहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया लेकिन उसकी हालत सही न होने के कारण उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया जहां डाक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रेणुका पुलिस थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया।


मेहमानबाजी के दौरान बनाए शारीरिक संबंध
पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी के साथ उसकी सगाई हुई थी। लिहाजा आरोपी का उसके घर आना-जाना था। आरोप है कि कुछ माह पहले आरोपी ने मेहमानबाजी के दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने के बाद पीड़िता ने सारी बात अपनी माता को बताई। रेणुका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि ए.एस.पी. सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने की है।


पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इससे पहले भी जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के एक गांव की छात्रा ने नाहन अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था। छात्रा 9वीं कक्षा में पढ़ती है। बहरहाल इस मामले में संगड़ाह पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के साथ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

Vijay