"150 और स्कूलों को CBSE से किया जाएगा एफिलिएट", CM सुक्खू ने बजट में किया ऐलान
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 02:54 PM (IST)
Himachal Pradesh Budget : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना बजट पेश किया। अपना चौथा बजट पेश कर रहे सुक्खू ने ऐलान किया कि अगले वर्ष 150 और स्कूलों को सीबीएसई से एफिलिएट किया जाएगा, ताकि बच्चों को समान शिक्षा के अवसर मिल सकें।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कॉलेजों में 389 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरे जाएंगे, जिससे शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा। इसके साथ ही हमीरपुर में राज्य का पहला साइंस कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जो विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। खेल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के कई कॉलेजों को स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के लिहाज से विकसित करने की भी योजना है, ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
इसके साथ ही उच्च शिक्षा में सुधार के तहत सभी स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में सेमेस्टर प्रणाली लागू की जाएगी। इस बदलाव के बाद अब वार्षिक परीक्षा प्रणाली समाप्त हो जाएगी।

