15 साल का सूखा दूर करने को BJP के गढ़ में कांग्रेस की हुंकार

Tuesday, Aug 29, 2017 - 04:10 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा): विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने अपने-अपने दल की गतिविधियों को तेज कर दिया है। भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा के बाद कांग्रेस ने भी अपना जनाधार दिखाने के लिए पथ यात्राओं का आयोजन किया। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती के गृह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने पथ यात्रा के समापन के बहाने हुंकार भरी है।


15 सालों से हार का मुंह देख रही कांग्रेस के कार्यकर्ता भी जोश में नजर आए
पिछले डेढ़ महीने से ऊना सदर में चल रही पथ यात्रा का मंगलवार समापन हो गया। पथ यात्रा के अंतिम दिन पीसीसी सदस्य सतपाल रायजादा की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ऊना शहर में रैली निकाली। इस रैली के जरिए कांग्रेसी नेता सतपाल रायजादा ने सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को इकट्ठा करके जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं पिछले 15 सालों से ऊना में हार का मुंह देख रही कांग्रेस के कार्यकर्ता भी जोश में नजर आए। पीसीसी सदस्य रायजादा ने कहा कि पथ यात्रा में कांग्रेस को भारी जनसमर्थन मिला है और आने वाले चुनावों में ऊना सदर से भाजपा का सूपड़ा साफ किया जाएगा।