15 दिन पहले लापता हुई थी महिला, घर के पास इस हालत में मिला शव

Friday, Oct 20, 2017 - 08:49 PM (IST)

लड़भडोल: क्षेत्र की कथोन पंचायत से गत दिनों लापता हुई महिला का शव शुक्रवार को घर के साथ लगते जंगल में पेड़ पर लटका हुआ बरामद हुआ। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन पर दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने कथोन के साथ गाहरा-जोहड़ जंगल से शव बरामद किया। मतृक महिला की पहचान सपना शर्मा (36) पत्नी विजय कुमार के रूप में हुई। उक्त महिला 5 अक्तूबर को रात 10 बजे लापता हो गई थी। मृतका का पति जोकि सेना में बतौर हवलदार राजस्थान में कार्यरत है, दीवाली तक 20 दिनों की छुट्टी पर आया है। उसने भड़ोल चौकी में 7 अक्तूबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 

ससुराल पक्ष पर दर्ज है तंग करने का मामला 
उधर, मृतका के मायके वालों ने जोगिंद्रनगर थाने में ससुराल वालों पर मृतका को तंग करने का मामला 16 अक्तूबर को दर्ज करवाया था। इस बीच शुक्रवार को संदिग्ध हालात में शव मिलने के बाद मामला पेचीदा हो गया है। उधर, डी.एस.पी. मदन कांत ने मौके पर फोरैंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच की। मामले की छानबीन कर रहे जोगिंद्रनगर थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शीघ्र ही मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।