13वीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ

Tuesday, Jan 09, 2018 - 02:09 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): 9 जनवरी से शुरू हुए प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला में 13वीं विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही कल के लिए स्थगित कर दी गई है। हिमाचल में सत्ता परिवर्तन के बाद जयराम सरकार का यह पहला विधानसभा सत्र है और यह 12 जनवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन सभी विधायकों ने शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर रमेश धवाला ने सबसे पहले सीएम जयराम ठाकुर को शपथ दिलाई, जिसके बाद दूसरे नंबर पर आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को शपथ दिलाई गई। इसके बाद किशन कपूर को शपथ दिलाई गई और वे शपथ लेने से धवाला से गले मिले। वहीं धवाला ने कहा कि कपूर पुराने मित्र हैं। कपूर के बाद मंत्री सुरेश भारद्वाज, अनिल शर्मा, सरवीन चौधरी, डॉ. रामलाल मार्कंडेय, विपिन परमार, वीरेंद्र कंवर, विक्रम सिंह ठाकुर, गोबिंद ठाकुर और डॉ. राजीव सहजल ने सदस्य की शपथ ली।

इन सभी ने हिंदी में शपथ ली। इसके बाद धवाला ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को सदस्य की शपथ दिलाई। इसके बाद पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को शपथ दिलाई गई। वीरभद्र सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं। वे नौंवी बार विधानसभा में पहुंचे हैं। जिस वक्त वीरभद्र ने शपथ ली, अग्निहोत्री भी उनके साथ खड़े थे। उन्होंने अंग्रेजी में शपथ ली। धवाला ने इसके बाद हंस राज, जिया लाल, पवन नय्यर, आशा कुमारी, बिक्रम सिंह जरियाल, राकेश पठानिया, रीता देवी और सुजान सिंह पठानिया ने शपथ ली। सुजान सिंह पठानिया को अध्यक्ष के आसन तक ले जाने को मुकेश अग्निहोत्री आगे बढ़े और वे उन्हें आसन तक ले गए। बता दें कि सुजान सिंह पठानिया बीमार हैं और इस कारण अग्निहोत्री साथ गए। शपथ ग्रहण के बाद सदन की कार्यवाही कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 


प्रोटेम स्पीकर रमेश धवाला ने छुए वीरभद्र के पैर
सदन के दौरान वरिष्ठ सदस्य वीरभद्र सिंह के शपथ लेने के बाद प्रोटेम स्पीकर रमेश धवाला उनके पास पहुंचे और पैर छुए। सीएम के साथ संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज और अन्य कुछ सदस्य साथ आए थे। जिस समय सीएम पहुंचे थे, विपक्षी सदस्य सदन में मौजूद नहीं थे। विपक्षी सदस्यों के सदन में पहुंचने के बाद सीएम जयराम ठाकुर उनकी तरफ बढ़े और उनके साथ हाथ मिलाकर स्वागत किया। जयराम ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह से हाथ मिलाने के बाद अन्य सदस्यों से मुलाकात की।