इस छात्र ने बिना हाथों के लिख दी तकदीर, मुंह से पेन पकड़कर दी 12वीं की परीक्षा (देखें तस्वीरें)

Wednesday, Apr 24, 2019 - 12:06 PM (IST)

कुल्लू: कहते हैं कि इरादे अगर बुलंद हो तो इंसान कोई भी मंजिल हासिल कर सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया कुल्लू के आनी के छात्र रजत ने। बता दें कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के 12वीं क्लास के रिजल्ट में आनी के रजत ने 80.08 अंक हासिल किए हैं। रजत के दोनों हाथ नहीं हैं लेकिन फिर भी उसने मुंह से पेन पकड़कर परीक्षा दी। रजत के हौसले और प्रतिभा को देखकर आप दंग रह जाएंगे।


24 मार्च, 2001 को जन्मे रजत के 10 साल पहले करंट लगने से बुरी तरह झुलसे दोनों हाथ कंधे के पास से काटने पड़े, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। हाथ नहीं रहे तो उसने मुंह से पेन पकड़ने और उससे लिखने का अभ्यास शुरू किया।

शारीरिक अध्यापक पद पर तैनात रजत के माता-पिता ने उसे हौसले टूटने नहीं दिया। 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं में भी मुंह से लिखकर 700 में से 613 अंक हासिल किए थे। इतना ही नहीं होनहार छात्र बिन हाथों के ऐसी चित्रकारी करता है कि एक बेहतर चित्रकार भी दंग रह जाए। वह एक बेहतरीन फुटबाल खिलाड़ी भी है। उसका जोश और जुनून सभी छात्रों को एक प्रेरणा देता है।

पैरों से बेलता है रोटियां

रजत की माता ने बताया कि समय के साथ उनके बेटे ने अपना और घर का काम करना भी सीख लिया है। वह पैरों के सहारे गोल-गोल रोटियां भी बना लेता है। नहाने-धोने का काम भी वह खुद करता है। कुछ कामों में उसे मुश्किल होती है तो उसका भाई मदद कर देता है।

Ekta