सोलन के ASP व DSP सहित 12 पुलिस कर्मी किए क्वारंटाइन, जानिए क्यों

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2020 - 05:32 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार व डीएसपी सोलन रमेश शर्मा सहित 12 पुलिस कर्मी संस्थागत क्वारंटाइन हो गए हैं। पुलिस की यह टीम मानव भारती विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्रियों की जांच कर राजस्थान से शुक्रवार रात को ही हिमाचल पहुंची है। नियमों के मुताबिक बाहरी राज्य से आने वाले सभी लोगों को क्वारंटाइन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का इस प्रक्रिया का पालन करते हुए संस्थागत क्वारंटाइन किया है। धर्मपुर के एक होटल में उन्हें क्वारंटाइन किया है। फर्जी डिग्री के मुख्य आरोपी मानव भारती विश्वविद्यालय का चेयरमैन राजकुमार राणा भी उनके साथ ही क्वारंटाइन है। हालांकि उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

विदित रहे कि मानव भारती विश्वविद्यालय के चेयरमैन व फर्जी डिग्री कांड के मुख्य आरोपी राज कुमार राणा की गिरफ्तारी के बाद एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार की अगुवाई में पुलिस की एक टीम उन्हें राजस्थान स्थित माधव विश्वविद्यालय में लेकर गई थी। माधव विश्वविद्यालय भी उनका ही विश्वविद्यालय है। मानव भारती विश्वविद्यालय के फर्जी डिग्री के तार इस विश्वविद्यालय से भी जुड़े हुए थे। पुलिस की टीम को वहां पर कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके सैंपल लेगी, नैगटिव रिपोर्ट आने पर वे सभी क्वारंटाइन से बाहर आ जाएंगे।

एएसपी सोलन डॉ. शिव कुमार ने बताया कि मानव भारती विश्वविद्यालय के फर्जी डिग्री के मामले की राजस्थान में जांच पूरी करने के बाद हिमाचल लौटने पर उनकी पूरी टीम धर्मपुर में क्वारंटाइन है। बाहरी राज्यों से आने वाले सभी लोगों को क्वारंटाइन के नियमों का पालन करना चाहिए ताकि प्रदेश के लोगों को कोरोना महामारी से बचाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News