हिमाचल कांग्रेस में 12 नए चेहरे शामिल, 4 से सदस्यता अभियान

punjabkesari.in Monday, Nov 01, 2021 - 12:58 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में 12 नए चेहरों को शामिल किया गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। पार्टी हाईकमान ने दो महासचिव, आठ सचिव, एक मीडिया पैनलिस्ट और एक को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया है। इसमें शशि शर्मा और भुवनेश्वर गौड़ को महासचिव नियुक्त किया गया है। दयाल प्यारी, देवेंद्र भुट्टो, राजेंद्र शर्मा, धर्मपाल चौहान, राजेश कुमार, राकेश नेगी, भूपेंद्र डोगरा और बोधराज भारद्वाज को सचिव के रूप में नियुक्ति हुई है। ज्ञान चंद बडालिया कार्यकारिणी सदस्य और अजय सिंह को मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने से पहले यह नियुक्तियां की गई हैं। 

अब चार नवंबर से चलेगा कांग्रेस सदस्यता अभियान  

वहीं, प्रदेश कांग्रेस का सदस्यता अभियान अब 4 नवंबर से चलेगा। पार्टी सदस्यता लेने से पहले सदस्यों को आधार नंबर और पते का प्रमाण देना अनिवार्य होगा। प्रदेश भर में आगामी 31 मार्च तक नए सदस्य सदस्यता ले पाएंगे। हाईकमान ने ऑनलाइन और ऑफ लाइन सदस्यता देने की व्यवस्था की है। प्रदेश में अभी ऑफलाइन सदस्य ही बनाए जा सकें गे और नई व्यवस्था लागू होते ही ऑनलाइन व्यवस्था की जाएगी।  सूत्रों के मुताबिक देश भर में एक नवंबर से कांग्रेस का सदस्यता अभियान चलाया जाना था। लेकिन पूर्व मंत्री जीएस बाली के निधन के कारण प्रदेश में यह सदस्यता अभियान पांच दिन के लिए टालना पड़ा है। उल्लेखनीय है कि सदस्य बनाने के लिए मोबाइल नंबर, आधार नंबर और स्थायी पते का प्रमाण सदस्यता फार्म में लिखना अनिवार्य होगा। हाईकमान इन सदस्यों की सत्यता की भी जांच करेगा ताकि सदस्यता सिर्फ  कागजों में ही न हो। ऑनलाइन सदस्य बनने से पहले भी ये दस्तावेज स्कैन करके फार्म के साथ संलग्न करने होंगे। हाईकमान ने इससे पहले भी प्रदेश युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान ऑनलाइन चलाया था। युकां के सदस्य बनाने के लिए मोबाइल नंबर, आधार नंबर और स्थायी पते से संबंधित दस्तावेज सदस्यता फार्म के साथ जमा किए गए थे।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News