1134 करोड़ के ‘बागवानी विकास प्रोजेक्ट’ पर विवाद, कांग्रेस ने दी यह चेतावनी

Wednesday, May 09, 2018 - 04:20 PM (IST)

शिमला (राजीव): विश्व बैंक फंडिड 1134 करोड़ के ‘बागवानी विकास प्रोजेक्ट’ पर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने बागवानी मंत्री को इस योजना में छेड़छाड़ न करने की सलाह दी है। इतना ही नहीं यदि सरकार इस प्रोजेक्ट के साथ छेड़छाड़ करती है तो कांग्रेस बागवानों को साथ लेकर आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस के पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि हिमाचल में सेब को बढ़ावा देने के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में विश्व बैंक ने हिमाचल को यह प्रोजेक्ट मंजूर किया था। 


वर्ष 2016 से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया था। प्रोजेक्ट 2022 तक चलना है। इसे शुरू करने के लिए बागवानी विभाग ने लाखों रुपए डीपीआर बनाने पर खर्च किए।  लेकिन बागवानी मंत्री अब इसमें बदलाव करने की बात कह रहे हैं जिसे सहन नहीं  किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी फिर से सेब उत्पादक क्षेत्र और गैर सेब  उत्पादक क्षेत्र के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से छेड़छाड़ की गई तो विश्व बैंक इसको खत्म भी कर सकता है।  


राठौर ने कहा सीएम खुद भी सेब उत्पादक क्षेत्र से आते हैं। उन्हें इसको लेकर संज्ञान लेना चाहिए। हिमाचल सेब राज्य के नाम से जाना जाता है। ये प्रोजेक्ट बागवानी के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। हिमाचल में बढ़ रहे अपराधों को लेकर भी राठौर ने जयराम सरकार पर निशाना साधा और कहा कि 4 महीने में ही सरकार की साख गिर रही है। बिहार और यूपी की तरफ प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। कानून व्यवस्था न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।  उन्होंने सीएम और डीजीपी से प्रदेश में कानून व्यस्था बनाने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की। साथ ही कहा कि खाली आश्वासन से नहीं बल्कि प्रदेश में कटाई से कानून व्यवस्था लागू करें और सरकार की कार्यवाही जमीन पर दिखनी चाहिए।  

Ekta