108 सेवा को बंद करवाने की साजिश, कंपनी के राज्य प्रभारी ने लगाए आरोप

Sunday, Sep 09, 2018 - 10:59 AM (IST)

सोलन (अमित): प्रदेश में पिछले 7 साल से सही तरीके से चल रही 108 एम्बुलैंस सेवा को बंद करवाने के लिए साजिश रची जा रही है। यह बात जी.वी.के. ई.एम.आर.आई. कंपनी के राज्य प्रभारी डी.वी.डी. प्रसाद ने कही। सोलन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 3 महीने के अंदर प्रदेश भर में 108 सेवा पूरी तरह से पहले ही तरह चलेगी और लोगों की सेवा के लिए 108 एम्बुलैंस न होने पर 102 एम्बुलैंस आपात सेवा में भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब से 108 की कर्मचारी यूनियन बनी और कंपनी ने अनुशासनहीनता पर 12 लोगों को नौकरी से बाहर निकाला, तब से प्रदेश में 108 सेवा को बंद करवाने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि 108 कर्मचारियों की मांगों को कंपनी चरणबद्ध तरीके से ठीक कर रही है लेकिन बावजूद इसके कुछ लोग कर्मचारियों को भड़का कर इस सेवा को बंद करवाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी सरकार के सहयोग से राज्य में 198 आपातकालीन 108 एम्बुलैंस संचालित कर रही है। जबकि 120 जननी एक्सप्रैस 102 एम्बुलैंस जनसुविधा के लिए चला रही है। हालांकि एक प्रश्र के जवाब में उन्होंने कहा कि 80 से अधिक 108 एम्बुलैंस वाहन नियमों के मुताबिक कंडम हैं लेकिन धरातल पर उनकी स्थिति काफी ठीक है तथा उनसे काम लिया जा रहा है। 20 नई 108 एम्बुलैंस को खरीदने के लिए सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है। जिन एम्बुलैंस की स्थिति ठीक नहीं है उनसे कार्य नहीं लिया जाएगा। 

चम्बा में हुए हादसे पर दी सफाई 
गत दिन जिला चम्बा में दुर्घटनाग्रस्त हुई एम्बुलैंस के बारे में उन्होंने कहा कि यह हादसा 108 एम्बुलैंस की ब्रेक फेल होने से नहीं हुआ था बल्कि चालक की लापरवाही से हुआ था। उन्होंने कहा कि घटना से 1 दिन पहले ही एम्बुलैंस की तकनीकी खराबी को दूर करवाया गया था। चम्बा एम्बुलैंस हादसे की तकनीकी खराबी जानने के लिए जब कंपनी के तकनीकी विंग के कर्मचारी को वहां भेजा गया तो कुछ स्थानीय अज्ञात लोगों ने उनसे बदसलूकी की तथा उन्हें वहां से भगा दिया।  ऊना जिला से भी मीडिया में 108 एम्बुलैंस सेवाओं को लेकर कई तरह की बातें कहीं गई हैं जो सच्चाई से परे हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में कुल 9 एम्बुलैंस हैं। इनमें से 2 एम्बुलैंस में तकनीकी खराबी आई है, जिसे ठीक करवाया जा रहा है।

Ekta