लोकसभा चुनावों में अहम भूमिका निभाएंगे 104 वर्षीय धूड़ू राम, जानिए Voting को लेकर क्या बोले (Video)

Saturday, Apr 13, 2019 - 03:54 PM (IST)

पांवटा साहिब (रोबिन): पांवटा निर्वाचन क्षेत्र के गांव बनौर निवासी 104 वर्षीय धूड़ू राम सिरमौर जिला में लोकसभा चुनाव के स्वीप कायक्रम में प्रमुख आईकॉन की भूमिका निभाएंगे। धूड़ू राम प्रदेश के सबसे वरिष्ठ मतदाता हैं। वह जिला सिरमौर में लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अहम भूमिक निभाएंगे और इनका संदेश जिला में घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। धूड़ू राम इस समय अपने परिवार में अपनी चौथी पीढ़ी के साथ रह रहे हैं।

स्वतंत्र भारत में अनेकों बार किया मतदान

जुलाई,1915 में जन्मे धूड़ू राम कहते हैं कि उन्होंने अंग्रेजों का शासन और रियासत काल का समय भी देखा है और स्वतंत्र भारत में अनेकों बार मतदान किया है। उम्र के इस पड़ाव में भी धूडू राम चुस्त-दुरुस्त हैं और अपने सभी काम करने में सक्षम हैं। उनकी दिनचर्या में उनका परिवार उनका साथ देता है। मुलाकात के दौरान धूड़ू राम शर्मा ने अपने अनुभव भी सांझा किए।

नेहरू और वाजपेयी को मानते हैं सबसे अच्छा प्रधानमंत्री

उन्होंने पहले प्रधानमंत्री पडित जवाहर लाल नहरू से लेकर नरेन्द्र मोदी तक प्रधानमंत्री देखे हैं। वह जवाहर लाल नेहरू और अटल बिहारी वाजपेयी को सबसे अच्छे प्रधानमंत्री मानते हैं। चुनाव के पुराने और नए तरीकों में तुलना करते हुए वह कहते हैं कि मतदान का नया तरीका ज्यादा बहतर है। बटन दबाओ और मतदान करो।

परिवार को मतदान करने के लिए करते हैं प्रोत्साहित

धूड़ू राम का परिवार भी इस बात को लेकर उत्साहित है कि उनके बुजुर्ग प्रदेश में सबसे अधिक उम्र के मतदाता हैं। उनके बेटे अमर सिंह शर्मा बताते हैं कि उनके पिता परिवार को भी मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करते रहें हैं।

सभी लोगों को करना चाहिए मतदान

धूड़ू राम कहते हैं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोगों को अपने मत का प्रयोग करना चाहिए तभी सुदृढ़ सरकार का गठन हो सकता है। वह कहते हैं कि मतदान के महत्व बारे लोगों को जागरूक करने के लिए वह कार्य करेंगे। उनका कहना है कि लोकतंत्र में सभी को मतदान करना चाहिए। उनके इस संदेश को इस बार चुनाव आयोज जन-जन तक पहुंचाएगा ताकि समाज के हर वर्ग को मतदान के प्रेरित किया जाए।

Vijay