HTPDC में भरे जाएंगे103 पद

Saturday, Jun 30, 2018 - 10:28 AM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एच.पी.टी.डी.सी.) में विभिन्न श्रेणियों में 103 पदों को भरा जाएगा। शुक्रवार को हुई एच.पी.टी.डी.सी. के निदेशक मंडल की बैठक में इन पदों को भरने को हरी झंडी प्रदान की गई है। एच.पी.टी.डी.सी. में विशेषज्ञ कुक की भर्ती भी की जाएगी। कुक की भॢतयोंं पर विशेष तौर पर बल देने के साथ इन्हें समय-समय प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई एच.पी.टी.डी.सी. के निदेशक मंडल की बैठक में कई निर्णय लिए गए हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने के लिए निगम 4 नई वोल्वो बसों को खरीद कर पुरानी वोल्वो बसों से बदलेगा।

इसके अतिरिक्त शिमला से चंडीगढ़ के लिए हैली टैक्सी सेवाओं का उपयोग करने वाले पर्यटकों को आने-जाने की सुविधा प्रदान करने के लिए एक टैम्पो ट्रैवलर भी खरीदा जाएगा। इसके अलावा एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों के कमरों के नाम ऐतिहासिक स्थानों व मंदिरों के नाम पर रखे जाएंगे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का पसंदीदा पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कम लोकप्रिय क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे न केवल अनछुए क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा बल्कि भारी भीड़भाड़ वाले पर्यटन गंतव्यों पर से भी भार कम होगा।

उन्होंने कहा कि एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों में कमरों के नाम प्रदेश के ऐतिहासिक स्थानों, स्मारकों, मन्दिरों, पक्षियों व जंतुओं के नाम पर रखे जाने चाहिए। यह एक नई पहल होगी जो पर्यटकों को प्रदेश की संस्कृति व इतिहास की झलक प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों के कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि आगंतुकों को गुणात्मक सेवाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि निगम के पास वर्तमान में 19 बसें हैं, जिसमें से 8 वोल्वों बसें हैं। पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने के लिए निगम 4 नई वोल्वों बसों को खरीद कर पुरानी वोल्वों बसों से बदलेगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने आश्वासन दिया कि पर्यटकों को श्रेष्ठ सुविधाएं प्रदान करने की सरकार की अपेक्षाओं को हासिल करने के लिए नए उत्साह व प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।  एच.पी.टी.डी.सी. के प्रबंध निदेशक सुदेश मोक्टा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। मुख्य सचिव विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, सचिव वित्त अक्षय सूद तथा वरिष्ठ अधिकारियों  सहित अन्य गण्यमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।  

निगम ने किया 100.84 करोड़ रुपए का व्यापार
एच.पी.टी.डी.सी. ने गत वित्त वर्ष में 100.84 करोड़ रुपए का व्यापार किया तथा वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान 125 करोड़ रुपए के व्यापार का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि निगम के नुक्सान में चलने वाले सभी प्रतिष्ठानों को लाभ अर्जित करने वाले प्रतिष्ठानों में बदलने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता व समपर्ण की भावना से प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने एच.पी.टी.डी.सी. के होटलों में उचित स्वच्छता पर भी बल दिया।

kirti