चंबा में पंचायती राज चुनावों के लिए 1020 मतदान केंद्र स्थापित, 3813 अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 01:27 PM (IST)

Chamba News : उपायुक्त चम्बा एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिले में कुल 1020 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 3813 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निर्वाचन ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल मतदान केंद्रों में से 860 सामान्य, 127 संवेदनशील तथा 33 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।

मुकेश रेपसवाल ने कहा कि विकास खंड सलूणी में कुल 125 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 110 सामान्य तथा 15 संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। विकास खंड भटियात में 244 मतदान केंद्रों में 238 सामान्य और 6 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। विकास खंड मैहला में 160 मतदान केंद्रों में 116 सामान्य, 43 संवेदनशील तथा 1 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किया गया है। इसी प्रकार विकास खंड तीसा में कुल 174 मतदान केंद्रों में 136 सामान्य, 23 संवेदनशील तथा 15 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। विकास खंड चम्बा में 178 मतदान केंद्रों में 162 सामान्य, 14 संवेदनशील तथा 2 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। विकास खंड भरमौर में कुल 87 मतदान केंद्रों में 49 सामान्य, 23 संवेदनशील तथा 15 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। वहीं विकास खंड पांगी में कुल 52 मतदान केंद्रों में से 49 सामान्य तथा 3 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विकास खंड तीसा की भंजराडू ग्राम पंचायत के तहत दो महिला मतदान केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला मदन तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्र पांगी स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला चसक भटोरी, समुद्र तल से लगभग 4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित जिले का सबसे अधिक ऊंचाई वाला मतदान केंद्र है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सुरक्षा एवं निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News