परवाणु से कैथलीघाट तक खाली होंगे 101 मकान, प्रशासन ने दिए बिजली-पानी काटने के आदेश

Thursday, Aug 01, 2019 - 09:07 PM (IST)

सोलन: परवाणु से कैथलीघाट तक 101 मकान खाली होंगे। प्रशासन ने इन मकानों के बिजली-पानी के कनैक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। एन.एच.आई.ए. ने फोरलेन निर्माण के लिए इन मकानों का अधिग्रहण किया था। यही नहीं मुआवजे का भुगतान भी किया गया है। इसके बावजूद यह मकान अभी तक खाली नहीं हुए हैं। फोरलेन निर्माण में यह मकान या तो पार्शियल या आधे गिराए गए हैं। एन.एच.आई.ए. की मानें तो प्रभावित परिवारों को इन मकानों का पूरा मुआवजा दिया गया है।

अधिगृहीत किए गए मकानों में फिर से कर दिया है रहना शुरू

हैरानी की बात यह है कि लोगों ने इन मकानों की रिपेयर कर इनमें रहना शुरू कर दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार परवाणु से कैथलीघाट तक फोरलेन निर्माण के लिए 347 मकानों का अधिग्रहण किया गया है। इनमें 101 मकान ऐसे हैं जिनमें लोगों ने दोबारा रहना शुरू कर दिया है। इन मकानों में रहना जोखिम भरा है क्योंकि पार्शियल व आधे गिराए इन मकानों की नींव हिल चुकी है।

एन.एच.आई.ए. की संपत्ति पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा

कुमारहट्टी हादसे के बाद जिला प्रशासन काफी सख्त हो गया है। यही कारण है कि प्रशासन ने इसके लिए एक कमेटी का गठन किया। कमेटी ने एस.डी.एम. सोलन को सौंपी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि परवाणु से कैथलीघाट (करीब 70 किलोमीटर के बीच) तक फोरलेन निर्माण के लिए 370 मकान गिराए गए हैं। इनमें से 101 ऐसे मकान हैं जो पार्थियल या फिर आधे गिराए गए हैं। मकान मालिकों ने इनकी रिपेयर कर फिर से रहना शुरू कर दिया है या फिर किराए पर दिया है। मुआवजे का भुगतान करने के बाद अब यह संपत्ति एन.एच.आई.ए. की हो गई है। अब उनकी संपत्ति पर किसी प्रकार का अतिक्रमण या फिर कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा। रिपोर्ट मिलने के बाद एस.डी.एम. सोलन ने 101 मकानों के बिजली-पानी के कनैक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।

क्या बोले एस.डी.एम. सोलन

एस.डी.एम. सोलन रोहित राठौर ने बताया कि परवाणु से कैथलीघाट तक 101 मकानों के बिजली-पानी के कनैक्शन काटने के आदेश दिए गए हैं। फोरलेन निर्माण के लिए इन मकानों का अधिग्रहण किया गया है। फोरलेन निर्माण में ये मकान पार्शियल या फिर आधे गिराए गए हैं। इसके बावजूद लोग इन मकानों में रह रहे हैं। इन सभी मकानों को खाली करने के आदेश दिए गए हैं।

Vijay