मां और बहन को बचाने के लिए बंदरों से भिड़ गया 10 वर्षीय कुनाल

Wednesday, Jun 16, 2021 - 08:43 PM (IST)

सुबाथू (निखिल): छावनी में बंदरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर सायं क्षेत्र के कश्मीरी मोहल्ले में घर की छत पर भाई-बहन खेल रहे थे। उनकी मां साक्षी (32) भी उनके साथ थी। इतने में बंदरों ने उन्हें घेर लिया। इसे देखते हुए 10 वर्षीय कुनाल अपनी छोटी बहन और मां को बचाने के लिए बंदरों से भिड़ गया। बंदरों के हमले में छोटी बहन का तो बचाव हो गया लेकिन बंदर ने कुनाल के सिर पर दांत मार कर उसे घायल कर दिया। बच्चे को बचाने गई मां को भी बंदरों ने घायल कर दिया। तभी साक्षी के हाथ डंडा लग गया, जिसके डर से बंदर भाग गए। साक्षी के पति अश्विनी ने बताया कि वह उस दौरान घर पर नहीं था। पड़ोसी दोनों को अस्पताल लेकर गए, जहां पर उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

2 दशकों से बंदरों से परेशान हैं छावनी के लोग

बता दें कि पिछले 2 दशकों से भी अधिक समय से छावनी में लोग बंदरों से परेशान हैं। हालात ये हैं कि महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों का घर से निकलना दुश्वार हो गया है। यह कारण है कि बाजार के अलावा गली-मोहल्ले सुनसान रहने लगे हैं। लोगों को बाजार से राशन इत्यादि लाना मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से सुबाथू को बंदर मुक्त कर राहत दिलाने की गुहार लगाई है।

Content Writer

Vijay