पानी के टैंक में डूबने से 10 साल के मासूम की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Saturday, May 16, 2020 - 07:35 PM (IST)

गगरेट (बृज): उपमंडल गगरेट के पांवड़ा गांव में स्थित एक पॉलीहाऊस में कार्यरत परिवार के 10 वर्षीय बेटे की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। हालांकि बच्चा शुक्रवार से ही गुम था, जिसकी शिकायत गगरेट पुलिस थाना में भी की गई थी लेकिन शनिवार को उसका शव पानी के टैंक में तैरता पाया गया। गगरेट पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भिजवा दिया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी हाशिम करीब डेढ़ साल पहले अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में यहां आया था। हाशिम पांवड़ा में बने एक पॉलीहाऊस, जिसमें फूलों का उत्पादन किया जाता है, वहां कार्यरत था। हाशिम परिवार सहित पॉलीहाऊस के समीप बने आशियाने में ही रहता था। शुक्रवार को उसका 10 वर्षीय बेटा आरिश अचानक गायब हो गया। उन्होंने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।

इसके बाद मामले की सूचना गगरेट पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भी उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह फिर उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार को अचानक पॉलीहाऊस के साथ सिंचाई के लिए बनाए गए पानी के टैंक में आरिश का शव मिला। बेटे को मृत देख हाशिम व उसकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।

हाशिम ने बेटे की मौत के लिए किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। एसएचओ हरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौत के कारणों का पुख्ता पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चलेगा। प्रथम दृष्टि में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि खेलते-खेलते पानी के टैंक में गिर जाने से आरिश की मौत हुई है।

Vijay