10 वोल्वो बसों के चालान कर वसूले 1.80 लाख रुपए

Friday, Mar 01, 2019 - 10:50 AM (IST)

धर्मशाला : मैक्लोडगंज से दिल्ली, देहरादून व अमृतसर के लिए चलाई जा रही निजी वोल्वो बसों पर एक बार फिर से आर.टी.ओ. कांगड़ा का डंडा चला है। अवैध रूप से दिल्ली, देहरादून व अमृतसर के लिए चलाई जा रही निजी वोल्वो बसों पर आर.टी.ओ. कांगड़ा ने वीरवार देर शाम कार्रवाई करते हुए चालान काट कर लगभग 1 लाख 80 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। जानकारी के मुताबिक वीरवार रात आर.टी.ओ. कांगड़ा ने मैक्लोडगंज में निजी वोल्वो बसों की चैकिंग की।

चैकिंग के दौरान 10 वोल्वो बसों में अनियमितताएं पाए जाने पर उनके चालान किए गए। 10 बसों के कटे चालान में कुछ बसें ऐसी थीं, जिन्होंने न तो टैक्स दिया था और न उनके पास पूरे दस्तावेज और पैसेंजर लिस्ट मौजूद थी। ये बसें टैक्स चोरी कर हिमाचल में प्रवेश कर प्रदेश सरकार को चूना लगा रही थीं। आर.टी.ओ. कांगड़ा द्वारा निजी वोल्वो बसों पर वीरवार देर रात की गई कार्रवाई के दौरान बिना टैक्स जमा करवाए सड़कों पर दौड़ाई गई निजी वोल्वो बसों से 5 गुना अधिक जुर्माना वसूला गया है। 10 में से 6 बसें ऐसी थीं, जिन्होंने टैक्स जमा नहीं करवाया था। आर.टी.ओ. कांगड़ा द्वारा की गई इस कार्रवाई में पुलिस की भी सहायता ली गई। 6 पुलिस कर्मी उक्त टीम के साथ गए थे।

आरटीओ मेजर विशाल शर्मा के अनुसार मैक्लोडगंज में देर शाम 10 बसों का चालान काट 1 लाख 80 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। निजी वोल्वो बस मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें अवगत करवाया गया था कि अगर निजी बसें समय पर टैक्स व अपने दस्तावेज पूरे नहीं रखती हैं तो उनसे 5 गुना अधिक जुर्माना वसूला जाएगा।

kirti