ऊना में 10 हजार के इनामी पोस्टर बटोर रहे सुर्खियां, जानिए क्या है वजह

Friday, Feb 23, 2018 - 12:07 PM (IST)

ऊना (अमित): ऊना शहर में लगाए के 10 हजार के इनामी पोस्टर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं, यह किसी अपराधी या गुमशुदा की तालाश के लिए नहीं बल्कि एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष द्वारा विधानसभा चुनावों में भीतरघात का सबूत देने वाले को इनाम देने के लिए लगाए गए हैं। दरअसल एन.एस.यू.आई. के प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा के निष्कासन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। करुण पर भीतराघात के आरोपों के चलते हुए निष्कासन के बाद से सियासत गर्म है। ऊना जिला एन.एस.यू.आई. और ब्लॉक कांग्रेस के बीच इसको लेकर जंग छिड़ गई है। एन.एस.यू.आई. ने पहले दिन में टार्च जलाकर भीतराघात के सबूत ढूंढते हुए रोष प्रदर्शन किया था। अब पूरे शहर में पोस्टर लगाकर रोष जताया गया है। 


करुण शर्मा के खिलाफ सबूत ढूंढ कर लाओ 10 हजार रुपए का इनाम पाओ के पोस्टर पूरे शहर में चिपका दिए गए हैं। इसके जिला अध्यक्ष अजय चौधरी ने इस पोस्टर में सबूत ढूंढकर देने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। बहरहाल इस पोस्टरशुदा जंग से माहौल और गर्म होता दिख रहा है।


उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने एन.एस.यू.आई. के प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा को निष्कासित कर दिया था। अपने निष्कासन पर करुण शर्मा ने आपत्ति जताते हुए स्वयं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर ही सवालों की बौछार कर दी थी जबकि करुण के समर्थन में एन.एस.यू.आई. भी आ खड़ी हुई थी। वहीं दूसरी ओर ऊना ब्लॉक कांग्रेस ने निष्कासन को लेकर सुक्खू का समर्थन किया था। उनका कहना है कि करुण का निष्कासन बिना सबूत और बिना किसी आधार के किया गया है और यह निष्कासन तुरंत प्रभाव से निरस्त होना चाहिए। यदि किसी के पास करुण के खिलाफ कोई सबूत हैं तो वह उनको सार्वजनिक करें।