खेतों में गई लड़की पर 10 लोगों ने किया हमला, जमकर बरसाए लात-घूंसे

Friday, Nov 17, 2017 - 10:54 PM (IST)

चम्बा: एक व्यक्ति ने 10 लोगों द्वारा उसकी बेटी के साथ मारपीट करने की शिकायत करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने शुक्रवार को ए.सी. टू डी.सी. से मुलाकात कर इस बारे लिखित में एक शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा कि उसकी बेटी के साथ मारपीट करने वालों में 5 पुरुष व 5 महिलाएं शामिल हैं। शिकायतकर्ता मेहमूद खान पुत्र अब्दुल खान निवासी गांव देहग्रा ने बताया कि उसकी बेटी नजीर शाह बीते वीरवार की सुबह 6 बजे अपने खेतों में उगे पेड़ के पत्ते इकट्ठा करने के लिए गई थी तो उक्त लोगों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। 

शरीर के विभिन्न अंगों में आईं अंदरूनी चोटें 
उक्त लोगों ने नजीर पर लात-घंूसों की बौछार कर दी जिसके चलते उसे शरीर के विभिन्न अंगों में अंदरूनी चोटें आई हैं। यही नहीं, उपरोक्त लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच भी किया, ऐसे में इन तमाम बातों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के आदेश जारी करे। वहीं ए.सी. टू डी.सी. चम्बा विनय धीमान ने बताया कि पुलिस विभाग को इस पत्र की जांच करने व उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।