विदेश भेजने के नाम पर युवकों से ठगे 10 लाख

Sunday, Jul 23, 2017 - 01:29 AM (IST)

सुंदरनगर: विदेश भेजने के नाम पर सुंदरनगर के आधा दर्जन गांवों से संबंधित 10 युवा कबूतरबाजी का शिकार हुए हैं। विदेश में नौकरी के नाम पर एजैंट ने युवाओं से करीब 10 लाख रुपए की ठगी की है। क्षेत्र के डिनक, छातर, जुगाहण, डुगराई और कनैड सहित अन्य गांवों से संबंधित युवाओं ने सुंदरनगर बी.एस.एल. पुलिस थाना में एजैंट के खिलाफ शिकायत दर्ज की है, जिसके बाद पुलिस ने एजैंट सहित टीम को तलब किया तथा सभी के बयान कलमबद्ध किए हैं। पीड़ितों के अनुसार स्थानीय एजैंट ने उन्हें विभिन्न खाड़ी देशों में मोटी कमाई का प्रलोभन देकर नौकरी का झांसा दिया, जिसके लिए एडवांस में करीब 90,000 रुपए प्रति व्यक्ति वसूल किए हैं।

मुंबई और दिल्ली से जुड़े हैं कबूतरबाजों के तार
आरोप हैं कि ऐसे और भी कई कबूतरबाजों का जाल क्षेत्र में फैला है, जिनके तार मुंबई और दिल्ली से जुड़े हैं। युवाओं ने बताया कि उन्हें फर्जी वीजा और टिकट भी दिए गए हैं, जिनकी पुलिस विदेश मंत्रालय की साइट पर पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार स्थानीय एजैंट ने करीब 6 लोगों से ली गई अढ़ाई लाख रुपए की राशि नकद वापस भी कर दी है और एक दर्जन को चैक जारी किए हैं। इनमें से कुछ बाऊंस हो गए हैं, जिसके चलते कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में सुंदरनगर बी.एस.एल. पुलिस थाना प्रभारी एस.आई. रामकृष्ण ने कहा कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।