बर्फ बनी आफत: 10 दिन से बंद जलोड़ी पास, लोग परेशान

Wednesday, Dec 20, 2017 - 04:23 PM (IST)

आनी: विधानसभा क्षेत्र को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोड़ने वाला एन.एच.-305 लुहरी-औट 10 दिनों से बर्फ गिरने से यातायात के लिए बंद है, जिस कारण आनी व निरमंड के लोगों को करसोग, मंडी, शिमला होकर जाना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत खणाग के उपप्रधान बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि यह कैसा नैशनल हाईवे है जो बरसात और सर्दियों में महीनों यातायात के लिए बंद रहता है। जलोड़ी पास की समस्या 50 साल पुरानी है। बरसात में कोटनाला व मशनूनाला महीनों तक भारी भू-स्खलन से यातायात के लिए बंद रहते हैं। 


इस बारे में एन.एच. बंजार के एस.डी.ओ. अनिल राणा ने बताया कि इसको बहाल करने के लिए 2 मशीनें लगाई गई हैं जोकि युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। बंजार की ओर से घियागी से बड़ानाला तक सड़क से बर्फ को हटा दिया गया है। बड़ानाला से जलोड़ी पास तक अधिक बर्फ है जिस कारण सड़क को बहाल करने में कुछ दिन और लग सकते हैं। दूसरी तरफ आनी से जलोड़ी पास तक भी बर्फ हटाने का काम जारी है। आनी कार्यालय के एस.डी.ओ. सुनील गुप्ता ने कहा कि एन.एच. को जलोड़ी पास से बहाल करने का काम जारी है।