पेड़ की शाखा गिरने से घायल हुई महिला की मौत

Wednesday, May 25, 2016 - 09:24 PM (IST)

नादौन: रविवार शाम को पेड़ की शाखा गिरने से घायल हुई कोटला-चिल्लियां पंचायत के सियोटी गांव की महिला पूजा शर्मा (25) का पीजीआई में मौत हो गई। विवाहिता की मौत से गांव में शोक की लहर है। पूजा शर्मा रविवार शाम को गांव के हैंडपंप से पानी भर रही थी कि अचानक तेज तूफान के कारण पीपल के पेड़ की टहनी उस पर जा गिरी। हादसे के वक्त महिला की 4 वर्षीय बेटी भी साथ में थी जिसे महिला ने धक्का देकर टहनी की चपेट में आने से बचा लिया। टहनी सिर पर गिरने से महिला को गहरी चोट लग गई थी तथा वह मौके पर ही बेहोश हो गई।

 

हैंडपंप से पानी भरने आईं अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर लोगों को बुलाया तथा उनके सहयोग से घायल महिला को नादौन अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सिर पर चोट लगने से महिला कोमा में चली गई थी। पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए सहायता राशि की मांग की है।