धूमल व अनुराग के दौरों से कार्यकर्त्ताओं में जोश

Monday, Oct 24, 2016 - 04:48 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल 2017 का विस चुनाव हमीरपुर की बजाय सुजानपुर विस क्षेत्र से लड़ें। यह मांग सुजानपुर विस क्षेत्र से प्रदेश भाजपा के सदस्य वीरेंद्र पोदी, भाजपा नेता विजय बहल, शेर सिंह ठाकुर, सतपाल शर्मा, राजीव ठाकुर व अनिल काकू ने प्रैस बयान में उठाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व सांसद अनुराग ठाकुर के बार-बार सुजानपुर विस क्षेत्र के दौरों से भी कार्यकर्त्ता कयास लगा रहे हैं कि धूमल अगला चुनाव सुजानपुर विस क्षेत्र से लड़ेंगे।


उन्होंने कहा कि बमसन विस क्षेत्र का अस्तित्व गत 2012 विस चुनावों में खत्म हो गया था। उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर विस क्षेत्र से 2012 का विस चुनाव लड़ा था उस दौरान हमीरपुर विस क्षेत्र में कांग्रेस का कोई भी बड़ा चेहरा न होने के बावजूद मुख्यमंत्री रहते हुए धूमल मात्र 9 हजार मतों से ही जीते थे तथा इस चुनाव में धूमल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी, वहीं बमसन विस क्षेत्र से 2007 में विस चुनाव में धूमल रिकॉर्ड 26 हजार मतों से जीते थे उसी बमसन का अधिकतर हिस्सा अब सुजानपुर विस क्षेत्र में चला गया है। 


उन्होंने कहा कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल 2017 का विस चुनाव सुजानपुर विस क्षेत्र से लड़ेंगे तो पूरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पर इसका प्रभाव पड़ेगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा सीटें भाजपा की झोली में आ सकेंगी क्योंकि अगर धूमल सुजानपुर से विस चुनाव लड़ते हैं तो वह एक बार फिर से रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे तथा सुजानपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर हमीरपुर विस क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे तो वह भी आसानी से जीत जाएंगे। इससे नादौन, बड़सर व भोरंज विस क्षेत्रों में भी सकारात्मक असर पड़ेगा और वहां भी भाजपा प्रत्याशियों को लाभ होगा। गत माह धूमल-अनुराग ने सुजानपुर विस क्षेत्र में तूफानी दौरे किए हैं जिनमें कार्यकर्त्ताओं की खूब भीड़ उमड़ी थी।