ईमानदार अधिकारियों को प्रताडि़त कर रही प्रदेश सरकार : अनुराग

Wednesday, Aug 17, 2016 - 12:15 AM (IST)

हमीरपुर: भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद लै. अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ईमानदार अधिकारियों को प्रताडि़त कर रही है। ईमानदारी से प्रदेश की सेवा कर रहे खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव आईडी धीमान, ऊना के डीसी और नालागढ़ के एएसपी को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने मंत्रियों व नेताओं के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए हटा दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही भाजपा सत्ता में लौट रही है तथा भाजपा सत्ता में आने के बाद ईमानदार अधिकारियों के सम्मान को लौटाएगी। 
 
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार सीनियर अधिकारियों को नजर अंदाज करके जूनियर अधिकारियों को बड़े पदों पर तैनात कर रही है तथा सीनियर अधिकारी लंबी छुट्टी पर जा रहे हैं, जिससे प्रदेश के विकास की गति रुकने के साथ ही प्रदेश की छवि भी खराब हो रही है। सांसद लै. अनुराग ठाकुर मंगलवार को केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा बैठक लेने के उपरांत पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। 
 
अनुराग ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार केंद्रीय योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचाना चाहती है। केंद्र से प्रदेश को करोड़ों रुपए का बजट स्वीकृत हुआ है लेकिन प्रदेश सरकार इस पैसे को खर्च करने में विफल साबित हो रही है जिसका खमियाजा प्रदेश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अब वक्त आ गया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बदल कर प्रदेश में फिर से भाजपा की धूमल सरकार को लाया जाए ताकि प्रदेश का विकास तेज हो सके। इस अवसर पर उनके साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र अत्री, जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर भी मौजूद रहे।