तेंदुए ने कुछ ही मिनटों में पन्याली के जंगल में 5 बड़ी बकरियों को बनाया अपना निवाला

Saturday, Mar 17, 2018 - 01:50 PM (IST)

नादौन : सरेड़ी गांव के उधम सिंह आज दिन के समय अपनी बकरियां पनियाली के जंगल में चरा रहे थे कि अचानक तेंदुए ने बकरियों पर हमला बोल दिया। जब तक उधम सिंह कुछ समझ पाता, तेंदुए ने कुछ ही मिनटों में 5 बड़ी बकरियों को मार गिराया। उधम सिंह के पास 8 बकरियां थीं, जिन्हें वह हर रोज जंगल में चराने ले जाता था। उधम सिंह गरीब परिवार से संबंध रखता है और उसकी रोजी-रोटी उसी से चलती थी। अचानक तेंदुए द्वारा 5 बकरियों को मार गिराने से उधम सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उधम सिंह ने जंगल में तेंदुए द्वारा हमला करने के बावजूद उसने हौसला दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद 3 बकरियों को बचा लिया, वरना तेंदुआ उनको भी अपना निवाला बना लेता। 


5 बकरियों को तेंदुए ने मार गिराया
उधम सिंह को अभी हाल ही में उनकी ईमानदारी और चोरों को पकड़वाने में मदद करने के लिए जिला के पुलिस कप्तान सम्मानित कर चुके हैं। पंचायत प्रधान वीना और उपप्रधान राज कुमार ने सरकार व जिला प्रशासन से उधम सिंह को मुआवजा राशि देने की गुहार लगाई है। वन विभाग के रेंज आफिसर स्वरूप चंद ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली है कि उधम सिंह की बकरियों को तेंदुए ने मार गिराया है। वह तुरंत मौके पर गए और देखा कि 5 बकरियों को तेंदुए ने मार गिराया है। उन्होंने इस मामले की सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दे दी है और कागजी कार्रवाई की जा रही है। 

Punjab Kesari