वीरभद्र बोले- देश में जब भी भाजपा की सरकार बनी तो धर्म के नाम पर दंगे बढ़े

punjabkesari.in Tuesday, Aug 02, 2016 - 10:10 AM (IST)

चम्बा (विनोद): देश की एकता के लिए भाजपा खतरा है तो वहीं प्रदेश की भाजपा हिमाचल को भाषा व क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लिल्ह में कालेज भवन का शिलान्यास करने के बाद वहां जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगर देश को धर्म व क्षेत्र के नाम पर बांटा गया तो देश के टुकड़े हो जाएंगे। इतिहास गवाह है कि जब भी देश में भाजपा की सरकार बनी तो धर्म के नाम पर दंगे बढ़े हैं। जहां तक प्रदेश की भाजपा की बात है तो वह अपनी राजनीति के लिए कभी भाषा तो कभी ऊपरी हिमाचल व निचला हिमाचल के नाम पर प्रदेश को बांटने में प्रयासरत रही है। 


उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में ग्रेडिंग के स्थान पर पूर्व की भांति परीक्षा परिणाम निकालने की प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए केंद्र के समक्ष इस मुद्दे को उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से ग्रेडिंग प्रणाली के खिलाफ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक सरकारी स्कूलों में तैनात अध्यापकों द्वारा ड्यूटी में कोताही बरतने की जो बात समय-समय पर सामने आती रहती है उसे ध्यान में रखते हुए अब शिकायतकर्त्ता अध्यापक के खिलाफ सीधे मुख्यमंत्री के निजी पते पर पत्र लिखकर उसके बारे में जानकारी दे सकते हैं। 


शिकायतकर्त्ता के न सिर्फ नाम को गोपनीय रखा जाएगा बल्कि ऐसी शिकायत अभिभावक व छात्र भी लिख सकते हैं। इस अवसर पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की सचिव आशा कुमारी, हि.प्र. राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र भारद्वाज व जिला मार्कीट कमेटी के अध्यक्ष नीरज नैय्यर सहित शहर के अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News