Watch Pics: 13500 फुट की ऊंचाई पर मणिमहेश झील किनारे शुरू हुआ पवित्र महारुद्राभिषेक यज्ञ

Saturday, Aug 20, 2016 - 01:41 PM (IST)

चंबा: हिमाचल प्रदेश के दूरगामी पहाड़ों तथा समुद्र तल से 13500 फुट की ऊंचाई पर स्थित मणिमहेश झील किनारे पवित्र महारुद्राभिषेक यज्ञ आज से शुरू हो गया है। बता दें कि ये यज्ञ 29 अगस्त तक चलेगा। प्रसिद्ध तपयोगी स्वामी कैलाश भारती बर्फानी बाबा (मणिमहेश वाले) की अध्यक्षता में हो रहे इस यज्ञ हेतु भारी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश झील पर पहुंच चुके हैं। 


हर-हर महादेव लंगर समिति परवाणु तथा मणिमहेश सेवा समिति पठानकोट-दीनानगर के प्रतिनिधियों सुभाष ढल्ल, अविनाश कपूर, सुखदीप मोरे, गोपाल यादव तथा अजय पुरी विक्की ने बताया कि इस यज्ञ में जहां स्थानीय प्रशासन भरपूर मदद कर रहा है वहीं हिमाचल के वन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी का भी इस आयोजन में मुख्य योगदान है।


सुभाष ढल्ल व अविनाश कपूर ने बताया कि स्वामी कैलाश भारती की अध्यक्षता में लगातार दूसरे साल हो रहा यह यज्ञ सर्वजनकल्याण तथा विश्व शांति हेतु है। उन्होंने बताया कि वैसे तो यह यात्रा जन्माष्टमी से राधा अष्टमी यानी 25 अगस्त से 9 सितम्बर तक होगी परंतु भोले बाबा के श्रद्धालु रक्षाबंधन से ही यात्रा प्रारम्भ कर देते हैं। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने रक्षाबंधन स्नान में भी भाग लिया।