184 कैदियों की सुरक्षा 11 निहत्थे कर्मचारियों के हाथ

Wednesday, Aug 24, 2016 - 01:56 PM (IST)

ऊना: ऊना जिला जेल का दर्जा हासिल होने के बाद भी बनगढ़ की स्थिति नहीं बदली है। क्षमता से अधिक विचाराधीन कैदियों सहित सजायाफता कैदी यहां रखे गए हैं। हालत यह है कि 164 की क्षमता वाली इस जिला जेल में इस समय 184 कैदी भरे गए हैं। किन्नौर, सोलन और कुल्लू से भी यहां कैदी रखे गए हैं। साढ़े 3 महीने पहले वनगढ़ में नए परिसर में शुरू की गई जेल सुविधाओं को तरस रही है। पूरे प्रदेश से तो कैदियों को यहां भेजा जा रहा है परन्तु सुविधाओं में कोई इजाफा नहीं किया जा रहा है। निर्धारित संख्या से कहीं अधिक कैदी यहां भरे गए हैं।  


जिला जेल का दर्जा तो दे दिया गया लेकिन बनगढ़ के इस नए सुधार गृह में सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है। जेल के भीतर महज 17 सुरक्षा कर्मी निहत्थे ड्यूटि दे रहे हैं। इन 17 में से महज 11 ही नियमित ड्यूटि दे रहे हैं जबकि बाकी कुछ ऑफिस की ड्यूटि तो कुछ दूसरे कार्यों में तैनात हैं। इतनी संख्या में कैदियों को संभालने के लिए सुरक्षा कर्मियों के पास कोई भी उपकरण नहीं हैं। सुरक्षा के हिसाब से दूरदराज क्षेत्र में स्थापित की गई जिला जेल सुरक्षित नहीं है। न जेल कर्मियों के अभी तक स्टाफ क्वार्टर हैं और न ही दूसरी सुविधाएं हैं।