Watch Pics: ग्लेशियर की चपेट में आए 2 युवकों का नहीं लगा सुराग, सेना ने संभाला मोर्चा

punjabkesari.in Thursday, Mar 10, 2016 - 09:42 AM (IST)

भरमौर: हिमाचल के चंबा जिले के भरमौर की भैरोघाटी में ग्लेशियर की चपेट में आकर लापता हुए 2 युवकों का बुधवार को भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि सेना और हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों युवकों को खोजने की कोशिश की गई लेकिन दोनों कोशिशें कामयाब नहीं हुई।


उधर, मामले की गंभीरता को समझते हुए डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा व एस.पी. चम्बा विरेंद्र तोमर भी सुबह ही भरमौर पहुंच गए और वहां सेना के अधिकारी तथा ए.डी.एम. भरमौर जितेंद्र कंवर के साथ वार्तालाप किया। इसके बाद दोनों अधिकारी ए.डी.एम. भरमौर के साथ हड़सर के लिए निकल गए। जानकारी के मुताबिक जिस जगह ये हादसा हुआ है उसकी ऊंचाई करीब साढ़े 9 हजार फीट है और घटनास्थल के दोनों तरफ सीधी ढलान है। 


जहां हेलीकॉप्टर का नीचे उतरना संभव नहीं है। इससे पहले मंगलवार को पुलिस व पर्वतारोहण दल के जो सदस्य सर्च आप्रेशन के लिए गए थे उन्हें अभी तक सिर्फ मौके पर एक बैग पड़ा हुआ प्राप्त हुआ। इस दल में ओम प्रकाश पुत्र माधो राम निवासी बनीखेत भी शामिल है जिसने घटनास्थल पर पहुंच कर खोजी दस्ते को उस स्थान के बारे में जानकारी दी जहां ग्लेशियर गिरा है।


बताया जा रहा है कि दोपहर बाद सेना का दस्ता मौके पर पहुंच कर सर्च आप्रेशन शुरू कर देगा। मौके पर ताजा स्थिति क्या है इसके बारे में जानकारी हासिल करने के लिए बुधवार को हड़सर व धनझो के बीच पुलिस ने वायरलैस प्रणाली को सक्रिय कर दिया है। डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा ने कहा कि उम्मीद है कि इस अभियान को सफलता मिल जाएगी। वहीं मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय से लापता दो युवकों को तलाशने के लिए मणिमहेश गई पुलिस व पर्वातारोही दल बुधवार शाम को खाली हाथ उपमंडल मुख्यालय लौट आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News