दर्दनाक हादसा : गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2020 - 06:40 PM (IST)

चम्बा (काकू): घूम-जंजला मार्ग पर घडोली के निकट एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे मेडिकल कॉलेज चम्बा में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार को आल्टो कार (एचपी 01सी-2019) चम्बा की तरफ आ रही थी। इसमें चालक समेत 2 लोग सवार थे। सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब कार घडोली नाला के पास पहुंची तो अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे में कार में सवार अनिल कुमार पुत्र राम कुमार निवासी गांव लटेणी रजेरा की मौत हो गई है। इसके अलावा चालक विनोद कुमार पुत्र नेक चंद निवासी रजेरा घायल हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इस दुर्घटना बारे पुलिस को भी सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल को उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया गया। यहां उसे दाखिल कर लिया है। इसके अलावा राम कुमार के शव को पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इसकी पुष्टि एसपी अरुल कुमार ने की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News